PURNEA NEWS : महिला संवाद कार्यक्रम से ग्रामीण महिलाओं की आवाज़ को मिल रही मजबूती, अब तक 49 हजार से अधिक आकांक्षाएं दर्ज

PURNEA NEWS  बिहार सरकार की अनूठी पहल ‘महिला संवाद कार्यक्रम’ के माध्यम से अब तक 49,000 से अधिक महिलाओं की आकांक्षाएं दर्ज की जा चुकी हैं। 18 अप्रैल से शुरू इस कार्यक्रम ने जिले के 1909 ग्राम संगठनों तक पहुंच बना ली है। अब तक 4 लाख 52 हजार से अधिक महिलाएं इस जनभागीदारी अभियान का हिस्सा बन चुकी हैं। मंगलवार को जिले के सभी 14 प्रखंडों के 43 ग्राम संगठनों में महिला संवाद का आयोजन किया गया, जहां ग्रामीण महिलाओं ने खुलकर सरकार से अपनी बातें साझा कीं — चाहे वो उपलब्धियों की सराहना हो या सिस्टम की खामियों पर सुझाव। कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि जो महिलाएं अब तक जीविका समूह से नहीं जुड़ी थीं, उन्हें भी इसमें शामिल किया जा रहा है, जिससे सामाजिक और आर्थिक भागीदारी का दायरा और व्यापक हो रहा है।

क्या है महिला संवाद?

महिला संवाद, ग्रामीण विकास विभाग के दिशा-निर्देश में जीविका द्वारा आयोजित एक संवादात्मक अभियान है, जिसका उद्देश्य है:

  • महिलाओं को शासन की मुख्यधारा से जोड़ना,

  • उनकी आकांक्षाओं और समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुँचाना,

  • और विकास की योजनाओं में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना।

जून मध्य तक चलेगा कार्यक्रम

यह संवाद कार्यक्रम जून के मध्य तक चलेगा और तब तक कुल 2424 ग्राम संगठनों में इसका आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सभी आकांक्षाओं को मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से दर्ज किया जा रहा है, जिससे डेटा का विश्लेषण कर नीति निर्माण में उपयोग किया जा सके। महिला संवाद सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह ग्रामीण बिहार की महिलाओं की जागरूकता, भागीदारी और नेतृत्व की बढ़ती पहचान का प्रतीक बनता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *