पूर्णिया की गुलाबबाग मंडी बनेगी आधुनिक विपणन केंद्र, प्रधान सचिव ने निरीक्षण कर दिए अहम निर्देश

पूर्णिया: पूर्णिया के कृषि उत्पादन बाज़ार समिति, गुलाबबाग में मंडी प्रांगण के सुदृढ़ीकरण और आधुनिकीकरण के लिए फेज–2 के निर्माण/नवीकरण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को बिहार सरकार के कृषि विभाग द्वारा ₹101.16 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है, जबकि ₹86.58 करोड़ की लागत पर कार्यादेश जारी किया गया है। निर्माण कार्य बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा किया जा रहा है।

10 जनवरी 2026 को कृषि विभाग के प्रधान सचिव श्री नर्मदेश्वर लाल ने निर्माणाधीन प्रांगण का निरीक्षण किया और अतिक्रमण हटाने, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर मंडी का हैंडओवर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परियोजना में प्रशासनिक भवन, सड़क व नाला, चौताल, शौचालय ब्लॉक, दुकानों एवं मार्केट शेड, पंजीकरण कार्यालय, वेंडिंग प्लेटफार्म, वॉच टावर, कैंटीन, श्रमिक विश्राम शेड, वर्षा जल संचयन, विद्युत एवं ट्रांसफार्मर कार्य, गेस्ट हाउस, लैंडस्केपिंग, सोलर पैनल, जल निकाय, पेयजल और यूटिलिटी शिफ्टिंग जैसे बुनियादी ढांचे शामिल हैं, जिनमें अधिकांश कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं।

परियोजना के पूरा होने के बाद गुलाबबाग मंडी में आधुनिक सुविधाओं के साथ सुव्यवस्थित विपणन व्यवस्था विकसित होगी, जिससे क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों को सीधे लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान निदेशक पीपीएम, संयुक्त निदेशक (शश्य) पूर्णिया प्रमंडल, जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता एवं कृषि विभाग के अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *