पूर्णिया के जिलाधिकारी ने APHC रानीपट्टी से शुरू कराया PM सुरक्षित मातृत्व अभियान, अब जिले के 18 केंद्रों पर मिलेगी सुविधा

पूर्णिया : पूर्णिया के जिलाधिकारी अंशुल कुमार  ने मंगलवार को अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (APHC) रानीपट्टी में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की औपचारिक शुरुआत की। अब तक यह सेवा केवल सदर अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल, रेफरल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और पीएचसी तक सीमित थी, लेकिन 9 दिसंबर 2025 से पूरे बिहार के APHC में भी यह अभियान लागू कर दिया गया है। इसी कड़ी में पूर्णिया जिले के 18 APHC में कार्यक्रम शुरू हुआ। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थान में प्रसव हेतु आने वाली महिलाओं की संख्या, उनमें से कितनों का प्रसव वहीं हुआ, कितनों को रेफर किया गया तथा लाभान्वित माताओं का विस्तृत रिकॉर्ड अलग से संधारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने रेफर की गई महिलाओं की वर्तमान स्थिति की नियमित जानकारी रखने पर भी जोर दिया। प्रसव कक्ष, नाश्ते की गुणवत्ता और दवाओं की उपलब्धता की जांच के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। केंद्र में उपलब्ध 187 दवाओं में से 175 दवाएं उपस्थित मिलीं, साथ ही आंखों की साप्ताहिक जांच और आरएनटीसीपी कार्यक्रम भी नियमित रूप से संचालित पाया गया। जिलाधिकारी ने चिकित्सक को निर्देश दिया कि वे APHC परिसर में उपलब्ध क्वार्टर में रहकर मरीजों को बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *