PURNIA NEWS : बाढ़ राहत के लिए डीएम ने दिए त्वरित निर्देश, पांच पंचायतों में सामुदायिक किचन शुरू

PURNIA NEWS,अभय कुमार सिंह : रूपौली प्रखंड में बाढ़ की भयावह स्थिति का जायजा लेने बुधवार को जिलाधिकारी अंशुल कुमार स्वयं प्रभावित इलाकों में पहुंचे। उन्होंने मोहनपुर और आसपास के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में पीड़ितों से बातचीत की तथा उनकी समस्याओं को सुना। मौके पर ही उन्होंने तत्काल सामुदायिक किचन शुरू करने का आदेश दिया, जिसके तहत फिलहाल कोयली सिमडा पूरब, कोयली सिमडा पश्चिम, भौवा प्रबल, लक्ष्मीपुर छर्रापटी और विजय मोहनपुर पंचायत में किचन संचालन शुरू हो चुका है, जबकि अन्य पंचायतों में भी व्यवस्था की जा रही है। डीएम ने एसडीओ अनुपम, एसडीपीओ संदीप गोल्डी, सीओ शिवानी सुरभि व अन्य अधिकारियों के साथ एसडीआरएफ बोट से अंझरी व जमाईटोला जैसे गांवों का दौरा किया, जहां स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पिछले 20 दिनों से बाढ़ के चलते हो रही दिक्कतें बताईं।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छ पेयजल, पशु चिकित्सा शिविर और अस्थायी शौचालय जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। प्रखंड के 12 पंचायतों में लगभग 70 हजार की आबादी प्रभावित है, जिसमें कोयली सिमडा, भौवा प्रबल, विजय मोहनपुर, कांप, नाथपुर, गोडियरपटी, विजय लालगंज, भिखना, डोभा मिलिक और धूसर टीकापटी शामिल हैं। इस दौरान प्रमुख प्रतिमा कुमारी, मुखिया पवित्री देवी, मुखिया अमीन रविदास, पैक्स अध्यक्ष कैलाश भारती, मुखिया सुलोचना देवी, शीला भारती, सांसद प्रतिनिधि मो. आफताब आलम, मस्तराज जायसवाल, पूर्व प्रमुख रेखा देवी, मुखिया पंकज यादव, विनोद कुमार जायसवाल, शांति देवी और अन्य जनप्रतिनिधियों ने सरकार से सूखा राशन, प्लास्टिक शीट और मुआवजा देने की मांग दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *