PURNIA NEWS : मैं मंत्री हूँ तो धमदाहा की सारी दीदियाँ मंत्री हैं – दीदी से दिल की बात कार्यक्रम में बोलीं मंत्री लेशी सिंह

PURNIA NEWS : बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने शनिवार को धमदाहा प्रखंड अंतर्गत बरदेला पंचायत में आयोजित दीदी से दिल की बात कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा, “अगर मैं विधायक हूँ तो धमदाहा की सारी महिलाएँ विधायक हैं, और अगर मैं मंत्री हूँ तो धमदाहा की सारी दीदियाँ मंत्री हैं।” उन्होंने कहा कि महिला प्रतिनिधि होने के नाते उनका धमदाहा की हर महिला से भावनात्मक रिश्ता है, और यही वजह है कि यहां विकास की रफ्तार और संवेदनशीलता साथ-साथ चल रही है। अपने संबोधन में मंत्री सिंह ने कहा कि महिलाओं के साथ उनका रिश्ता केवल नेता और जनता का नहीं बल्कि आत्मीयता और अधिकार का है। उन्होंने कहा, “अगर कोई पुरुष विधायक होता तो आप यूँ साड़ी पकड़कर रोक नहीं पातीं, पर मैं महिला हूँ, इसलिए आप मुझसे बेहिचक गले मिलती हैं, हाथ मिलाती हैं।

आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग भ्रम फैलाने आएंगे, लेकिन जनता से अपील है कि उनसे यह जरूर पूछें कि जिन हाथों ने सेवा और विकास दिया, अब उसी का हक किसी और को क्यों दिया जाए?मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महिला सशक्तिकरण नीति की सराहना करते हुए कहा कि 2005 में जब उन्होंने सत्ता संभाली, तब महिलाएं सार्वजनिक जीवन में पीछे थीं, लेकिन आज पंचायत से लेकर विधानसभा तक नेतृत्व में भागीदारी निभा रही हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने एकजुटता का संकल्प लेते हुए मंत्री लेशी सिंह के साथ हाथ उठाकर समर्थन जताया। इस अवसर पर मुखिया समीना खातून, समिति सदस्य अख्तरी बानो, फुलमणि देवी, सुनीता देवी, पिंकी देवी, मंजू देवी, ललिता देवी, आशा देवी सहित कई महिला प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *