PURNIA NEWS : गुलाबबाग महादेव मंदिर में बहुउद्देशीय भवन का लोकार्पण, विधायक खेमका ने गिनाई विकास की उपलब्धियां

PURNIA NEWS : पूर्णिया के गुलाबबाग नाका रोड स्थित महादेव मंदिर परिसर में विधायक विजय खेमका ने शनिवार को विधायक निधि से निर्मित बहुउद्देशीय भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंदिर पुजारी और एनडीए नेताओं की उपस्थिति में विधिवत अनुष्ठान कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। विधायक ने बताया कि इस भवन में धार्मिक अनुष्ठान, पर्व-त्योहार और सामाजिक कार्यक्रम आसानी से संपन्न होंगे, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा होगी। उन्होंने स्मरण कराया कि इससे पहले मंदिर परिसर के तालाब का सौंदर्यीकरण भी विधायक निधि से कराया गया था और आगे उसके चारों ओर वॉकिंग ट्रैक का निर्माण किया जाएगा।

जनता को संबोधित करते हुए खेमका ने कहा कि पूर्णिया के शहरी और ग्रामीण इलाकों में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की हालिया आर्थिक रियायतों का जिक्र करते हुए बताया कि आयकर सीमा को 12 लाख तक बढ़ाने और जीएसटी दरों में कमी से आम उपभोक्ताओं, किसानों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। खेमका ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनता के लिए त्योहारी सौगात बताते हुए उनका आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *