PURNIA NEWS : महिला संवाद कार्यक्रम बना ग्रामीण सशक्तिकरण का मंच, 5 लाख से अधिक महिलाओं की आकांक्षाएं दर्ज

PURNIA NEWS : ग्रामीण विकास विभाग की पहल पर चल रहा महिला संवाद कार्यक्रम जिले के सभी प्रखंडों में जीविका ग्राम संगठनों के माध्यम से लगातार संचालित हो रहा है, जिसका उद्देश्य न केवल महिलाओं के जीवन में आए बदलावों को समझना है, बल्कि सरकारी नीतियों में जरूरी संशोधन के लिए जमीनी फीडबैक जुटाना भी है। ‘सशक्त नारी, सशक्त बिहार’ की अवधारणा पर आधारित यह अभियान अब तक 2083 ग्राम संगठनों तक पहुंच चुका है, जिसमें 5 लाख से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर 53 हजार से ज्यादा व्यक्तिगत और सामूहिक आकांक्षाएं साझा की हैं। रोजगार, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, पेंशन, अनाज वितरण और आवास योजना जैसी प्रमुख मांगों को दो भागों में वर्गीकृत कर संबंधित विभागों तक समाधान के लिए भेजा जा रहा है। शिक्षिका, पुलिसकर्मी, नर्स और जीविका दीदियों समेत विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं अपने अनुभव साझा कर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव की लहर देखी जा रही है। आज शनिवार को कार्यक्रम के 51वें दिन जिले के सभी 14 प्रखंडों में 43 ग्राम संगठनों में आयोजन हुआ, और यह अभियान 14 जून तक 2424 ग्राम संगठनों में संचालित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *