PURNIA NEWS : भाजपा के वरिष्ठ नेता माननीय सैयद शाहनवाज हुसैन का जिला अधिवक्ता संघ में आगमन

PURNIA NEWS,विधि संवाददाता : पूर्णिया दौर के क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता माननीय सैयद शाहनवाज हुसैन शुक्रवार को शाम के करीब 4:00 बजे जिला अधिवक्ता संघ पहुंचे। उनके साथ पार्टी के कई नेता और पूर्णिया के वरिष्ठ डॉक्टर संजीव कुमार भी मौजूद थे। जिला अधिवक्ता संघ के प्रशाल में उनके साथ अधिवक्ताओं की एक अनौपचारिक मीटिंग हुई। मौके पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता गण मौजूद रहे। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अवधेश कुमार तिवारी ने अपनी बातें रखने के क्रम में पूर्णिया में उच्च न्यायालय के बेंच की गठन या सर्किट कोर्ट के व्यवस्था की मांग रखी। माननीय नेता ने अपने उद्गार में आस्वस्त किया कि आपकी मांग बिल्कुल ही जायज है, मैं भरसक प्रयास करूंगा। इस हेतु आपकी ओर से दो सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल मेरे पास भेजिए मैं समय निकालकर उनके साथ माननीय गवर्नर और माननीय मुख्य न्यायाधीश उच्च न्यायालय पटना से मिलूंगा।

इस मौके पर न्याय मित्र अधिवक्ताओं ने भी अपनी मानदेय 7 हजार रुपए से बढ़ाने की मांग रखी। इस पर भी माननीय नेता ने आश्वासन दिया कि मैं आपकी बातों को आगे बढ़ाऊंगा। माननीय हुसैन ने कहा कि आप लोगों ने हमें नहीं बुलाया, मैं स्वयं आपके अधिवक्ता संघ में आया हूं। अभी मैं पार्टी के काम से घूम रहा हूं इसी क्रम में जब पूर्णिया आया तो मेरे मन में इच्छा हुई की अधिवक्ता संघ पहुंचूं और अपनी पुरानी यादों को ताजा करूं। उन्होंने आगे कहा कि सीमांचल ने ही मुझे पहचान दिलाई है। इस क्षेत्र से हमारा पुराना रिश्ता है। आप हमें जब भी याद करेंगे मैं उपस्थित रहूंगा और आपके कार्यों में पूरी तत्परता रखूंगा। अंत में जिला अधिवक्ता संघ के सचिव सुमन जी प्रकाश ने अपनी बातें उनके समक्ष रखी और अधिवक्ता संघ में आने के लिए धन्यवाद देने के साथ-साथ उनसे पुनः आने का आग्रह किया जिसे माननीय नेता ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *