PURNIA NEWS: हाजिरी बनाकर भागनेवाले तथा राजनीति करनेवाले शिक्षकों का होगा निलंबन एवं विभागीय कार्रवाही

पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: PURNIA NEWS विद्यालयों में हाजिरी बनाकर भागनेवाले तथा राजनीति करनेवाले शिक्षकों की खैर नहीं, विभाग चिन्हित कर निलंबन के साथ-साथ कार्रवाही करने का आदेश जारी किया है। इस संबंध में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डाॅ एस सिद्धार्थ ने अपने पत्रांक 26 गोप. दिनांक 28.04.2025 के तहत इस तरह की शिकायत पर जांचकर कार्रवाही करने का पूर्व की तरह निर्देश जारी किया है। 28 अप्रील को हाजिरी बनाकर गायब शिक्षकों को निलंबित किया गया है।

इसके अलावा उन्होंने लिखा है कि कुछ विद्यालयों में ऐसा भी पाया गया है कि शिक्षक वहां स्थानीय शिक्षक होने के कारण स्थानीय राजनीति में लिप्त पाए गए हैं एवं विद्यालय में राजनीति का माहौल बनाए हुए हैं। इसी तरह शैक्षणिक माहौल को दूषित किया गया है। ऐसे शिक्षकों को भी चिन्हित कर विभागीय कार्रवाही करने का आदेश जारी किया गया है। शिक्षा विभाग विद्यालय में उपस्थिति दर्ज कर बिना कारण बताए लापता होने पर एवं विद्यालय में राजनीति का माहौल बनाने वाले शिक्षकों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

इस आदेश के पालन के लिए सभी जिला के शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है। यह बता दें कि इस तरह की शिकायत रूपौली प्रखंड में भी लगातार ग्रामीणों द्वारा मिलती रही है। शिक्षक हाजिरी बनाकर अपने घर चले जाते हैं तथा शाम को फिर से हाजिरी बनाने चले आते हैं। इससे विद्यालयों में शिक्षकों में ही कई बार मनमुटाव एवं क्षोभ की बातें भी सामने आयी हैं। इसमें दूर-दराज के विद्यालयों के शिक्षकों की संख्या काफी अधिक है। इससे पढाई का माहौल भी काफी प्रभावित होता चला जा रहा है। ग्रामीणों ने इस आदेश की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *