Bihar Election 2025

अररिया, प्रिंस (अन्ना राय): Bihar Election 2025 बिहार के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारियों में शुमार, ‘सुपर कॉप’ के नाम से चर्चित शिवदीप वामनराव लांडे ने आज शुक्रवार को अररिया विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया। सैकड़ों की संख्या में समर्थकों के साथ पदयात्रा करते हुए शिवदीप लांडे अररिया समाहरणालय परिसर स्थित एसडीओ कार्यालय पहुँचे। उन्होंने अररिया के निर्वाची पदाधिकारी सदर एसडीओ रवि प्रकाश के समक्ष विधिवत नामांकन पत्र जमा किया। लांडे के साथ-साथ, रानीगंज (अजा) सुरक्षित सीट से उनके समर्थक अमन राज ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया।

पत्नी के साथ शुरू की पदयात्रा, बताया ‘युवाओं की लड़ाई’
नामांकन से पूर्व, शिवदीप लांडे ने शिवपुरी के वंदना हॉल से अनुमंडल कार्यालय तक पदयात्रा की। इस दौरान उनकी पत्नी डॉ. ममता भी उनके साथ मौजूद रहीं। नामांकन पर्चा दाखिल करने के बाद मीडिया से बात करते हुए लांडे ने अपनी राजनीतिक यात्रा का उद्देश्य स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि एक पुलिस अधिकारी के रूप में उन्होंने सेवा की, और अब वे जनसेवक के रूप में सेवा करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने इस चुनावी लड़ाई को “अररिया के युवाओं की लड़ाई” करार दिया। लांडे ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता थाना और प्रखंड स्तर पर व्याप्त भ्रष्टाचार के खात्मे की होगी।

Bihar Election 2025

‘सियासत की राह’ क्यों चुनी?
लांडे ने बताया कि पुलिस का कार्यक्षेत्र एक सीमा तक होता है, जबकि राजनीति में कार्यक्षेत्र बड़ा होता है। उन्होंने कहा कि विधायक के रूप में वह सरकार से सीधा जवाब तलब कर सकते हैं, और इसी कारण उन्होंने सियासत की राह पकड़ी है। उन्होंने पदयात्रा के दौरान अररिया की जनता से मिले अपार प्रेम और सहानुभूति पर भावविभोर होने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनके प्रति प्रेम रखने वाले सैकड़ों युवा, बुजुर्ग, माताएं और बहनें बड़ी संख्या में इस पदयात्रा से जुड़े और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने विश्वास जताया कि अररिया की जनता बदलाव चाहती है, जो शांति, सुशासन और पारदर्शिता का बदलाव होगा। नामांकन से पूर्व, पूर्व आईपीएस अधिकारी शिवदीप लांडे ने दक्षिणेश्वरी महाकाली मंदिर और खड़गेश्वरनाथ शिव मंदिर में भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद भी लिया।

Bihar Election 2025

By अंग इंडिया न्यूज़

अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *