मीरगंज एवं धमदाहा में सहयोग शिविर का आयोजन, मंत्री लेशी सिंह व डीएम ने किया निरीक्षण

पूर्णियाँ : आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुँचाने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर पंचायत मीरगंज में सहयोग शिविर तथा धमदाहा प्रखंड परिसर में प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का शुभारंभ बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेशी सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार भी उपस्थित रहे। मंत्री एवं जिलाधिकारी ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सेवाओं और आम नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

शिविर के दौरान मंत्री लेशी सिंह एवं जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने उपस्थित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही पात्र लाभुकों के बीच राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया।

मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनता की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर शीघ्र हो और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके। वहीं जिला प्रशासन द्वारा शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं के निष्पादन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।