भवानीपुर प्रखंड के श्रीपुर गांव में वार्षिक सद्गुरु कबीर सत्संग महोत्सव का भव्य आयोजन

पूर्णिया, आनंद यादुका : भवानीपुर प्रखंड अंतर्गत श्रीपुर गांव में वार्षिक सद्गुरु कबीर सत्संग महोत्सव का भव्य एवं श्रद्धामय आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला, जहाँ दूर-दराज़ से आए श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन रुपौली विधायक सह जदयू प्रदेश उपाध्यक्ष श्री कलाधर मंडल ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के पश्चात अपने संबोधन में विधायक श्री मंडल ने कहा कि सद्गुरु कबीर साहब की शिक्षाएँ आज भी समाज को सत्य, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने लोगों से कबीर साहब के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

इसके उपरांत बाहर से पधारे संत-महात्माओं ने अपने ओजस्वी प्रवचनों के माध्यम से संत कबीर साहब की जीवनी, दर्शन और सामाजिक संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रवचन के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भक्ति और ज्ञान के रस में डूबे नजर आए। इस पावन अवसर पर संत श्री पावन स्वरूप साहब, शम्भू साहब, संत श्री रामदास, साध्वी फुलेश्वरी साहब, गिरधारी बाबा, नागा बाबा एवं अर्जुन बाबा ने प्रवचन कर हजारों श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ पहुंचाया। आयोजन को सफल बनाने में सांसद प्रतिनिधि कुंदन मंडल, पूर्व मुखिया महेंद्र कुमार मौन, प्रदीप कुमार मंडल, लक्ष्मण प्रसाद सिंह, अमरजीत कुमार, सत्यानंद कुमार सहित श्रीपुर गांव के समस्त ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। ग्रामीणों के सहयोग और समर्पण से यह महोत्सव पूरी तरह सफल और यादगार बन सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *