नशा मुक्त दिवस पर अररिया में भव्य आयोजन, डीएम ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

अररिया, प्रिंस कुमार : 26 नवंबर 2025 को नशा मुक्त दिवस के अवसर पर डी०आर०डी०ए० सभा भवन, अररिया में जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में शराबबंदी और नशा मुक्ति के प्रति व्यापक जन-जागरूकता बढ़ाना और नशा मुक्त वातावरण का निर्माण करना था।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम की हुई लाइव स्क्रीनिंग
कार्यक्रम के दौरान मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, बिहार द्वारा पटना में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम की लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग भी प्रदर्शित की गई, जिससे उपस्थित लोगों ने राज्य के संदेश को सीधे सुना।

नशा समाज और पीढ़ियों के लिए हानिकारक: डीएम
इस अवसर पर अररिया जिला पदाधिकारी अनिल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए हानिकारक नहीं है, बल्कि यह परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से इस अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान करते हुए कहा, “आइए, इस अभियान का हिस्सा बनें और एक स्वस्थ, सुरक्षित समाज की नींव रखें।” संबोधन के बाद, जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।

नुक्कड़-नाटक से दिया गया प्रभावी संदेश
नशा मुक्ति के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रसारित करने के लिए नुक्कड़-नाटक दल के द्वारा गीत-संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा के दुष्प्रभावों पर गहरा और संवेदनशील संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जीविका दीदी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी, शिक्षित युवा और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे यह कार्यक्रम जन-भागीदारी का एक सफल उदाहरण बना।

ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस महत्त्वपूर्ण अवसर पर उत्पाद अधीक्षक अररिया श्री निरंजन कुमार झा, पुलिस उपाधीक्षक (मु०) अररिया, डीआरडीए निदेशक अररिया, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग अररिया, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित कई अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *