
पूर्णिया जिला इज्तेमा में शामिल हुए सांसद पप्पू यादव, अमन-चैन और भाईचारे का दिया संदेश
PURNIA NEWS : पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के शोभागंज हरदा में आयोजित जिला इज्तेमा में सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने शिरकत कर देश-प्रदेश में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की अपील की। उन्होंने विभिन्न राज्यों व जिलों से पहुंचे धर्मगुरुओं और अतिथियों से मुलाकात कर कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम होते हैं और इंसानियत, सहिष्णुता व प्रेम का संदेश देते हैं।
सांसद ने कोसी-सीमांचल सहित पूरे क्षेत्र की तरक्की, खुशहाली और सामाजिक एकता के लिए विशेष प्रार्थना की तथा युवाओं से नफरत और विभाजन से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार और समाज सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। इज्तेमा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही, जहां धार्मिक तकरीरों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि अफरोज आलम, जिला परिषद सदस्य विवेका यादव, इज्तेमा कमेटी के पदाधिकारी, पूर्व जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।