पूर्णिया : पूर्णिया विश्वविद्यालय, पूर्णिया के अंतर्गत आने वाले सीमांचल क्षेत्र के सैकड़ों छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की ऑनलाइन व्यवस्था में आई तकनीकी खामियों के कारण यूजी सेमेस्टर-5 परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित रह गए हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर सोशलिस्ट स्टूडेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SSAI) के प्रधान महासचिव एवं छात्र नेता चाहत यादव ने परीक्षा नियंत्रक का प्रभार संभाल रहे उप परीक्षा नियंत्रक से मुलाकात कर छात्रों की समस्याओं से अवगत कराया तथा परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि तत्काल बढ़ाने की मांग की।
चाहत यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय के पोर्टल में लगातार तकनीकी दिक्कतें आने के कारण बड़ी संख्या में छात्र निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना परीक्षा फॉर्म जमा नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से विश्वविद्यालय की तकनीकी व्यवस्था की विफलता है और इसका खामियाजा छात्रों को नहीं भुगतना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है, तो सैकड़ों विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो सकता है। एक ओर छात्र परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर तकनीकी समस्याओं के कारण परीक्षा से वंचित होने की आशंका उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रही है।
SSAI ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कम-से-कम एक दिन के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि बढ़ाने की मांग की है, ताकि कोई भी छात्र परीक्षा देने के अधिकार से वंचित न हो।
चाहत यादव ने कहा कि छात्र संगठन विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगा और आवश्यकता पड़ने पर व्यापक छात्र आंदोलन चलाया जाएगा। मौके पर साक्षी कुमारी, मुस्कान कुमारी, मोहम्मद परवेज, शंभू कुमार एवं शुभम कुमार सहित कई छात्र मौजूद थे।








