रक्षाबंधन पर भी नहीं मिला वेतन, शिक्षकों में गहरा आक्रोश

पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: प्राथमिक शिक्षा निदेशक के स्पष्ट निर्देश के बावजूद रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर भी रुपौली प्रखंड के विशिष्ट व राज्यकर्मी शिक्षकों को वेतन नहीं मिलना विभागीय उदासीनता को दर्शाता है, जिससे शिक्षकों में भारी असंतोष व्याप्त है। यह आरोप टीईटी प्रारंभिक शिक्षक संघ, प्रखंड इकाई रूपौली के अध्यक्ष नितेश कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर लगाया।

उन्होंने कहा कि नियोजित शिक्षकों को समय पर वेतन मिल गया, लेकिन राज्यकर्मी शिक्षकों का जुलाई माह का वेतन अब तक लंबित है, जिससे रक्षाबंधन का त्योहार उनके लिए फीका पड़ गया। उन्होंने इसे एक सोची-समझी साजिश करार देते हुए कहा कि जब सरकार और वरीय पदाधिकारी समय पर बजट आवंटित कर रहे हैं, तो भुगतान में देरी करने वाले कर्मियों की मनमानी साफ तौर पर उजागर हो रही है।

त्योहार के मौके पर वेतन नहीं मिलने से कई शिक्षक बहनों को उपहार तक नहीं दे सके, जिससे भावनात्मक रूप से भी उन्हें आघात पहुंचा है। संघ ने माननीय मुख्यमंत्री और अपर मुख्य सचिव से मांग की है कि जिम्मेदार कर्मियों की पहचान कर उन पर त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो और शिक्षकों को समय पर उनका हक मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *