तेलडीहा संथाली में भाकपा माले एरिया कमिटी की दो दिवसीय बैठक सम्पन्न, मताधिकार व पीड़ितों के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान

Purnia News

पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: तेलडीहा संथाली में आयोजित भाकपा माले एरिया कमिटी की दो दिवसीय बैठक का आयोजन हुआ, जिसकी अध्यक्षता जिला सचिव कामरेड विजय कुमार ने की। बैठक में जिले व राज्य के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें जिला कमेटी सदस्य सह खेग्रामस जिला सचिव कामरेड चतुरी पासवान, राज्य कमिटी सदस्य व ऐपवा जिला प्रभारी कामरेड सुलेखा देवी, जिला कमिटी सदस्य सह किसान महासभा के जिला सचिव कामरेड अविनाश पासवान सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल थे।

बैठक की शुरुआत दिवंगत और शहीद साथियों को एक मिनट के मौन से श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। कामरेड विजय कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के 79 वर्षों बाद भी देश पूरी तरह से आजाद नहीं है, वोटर सूची से मताधिकारों पर लगातार हमला हो रहा है। उन्होंने मताधिकार बचाने, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। 24 अगस्त 2025 को तानाशाही सरकार के खिलाफ इंडिया गठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा पूर्णिया में पहुंचेगी, जिसमें अधिक से अधिक लोगों के शामिल होने की अपील की गई।

कामरेड सुलेखा देवी ने महंगाई, बेरोजगारी व कर्जग्रस्त महिलाओं की समस्या पर ध्यान दिलाया और कर्ज माफी की मांग की। कामरेड चतुरी पासवान ने रुपौली के दक्षिण 11 पंचायतों में बाढ़ से हुए फसल एवं सम्पत्ति नुकसान का जिक्र करते हुए भाकपा माले से बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत एवं नई सूची बनाने की मांग की। बैठक में वोटर अधिकारों की गारंटी, महिला कर्ज माफी और बाढ़ प्रभावितों की उचित राहत देने की जोरदार मांग की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *