विकास ही डबल इंजन सरकार की धुरी, वंदे भारत से सीमांचल को नई रफ्तार: लेशी सिंह

पूर्णिया: पूर्णिया से पटना के लिए वंदे भारत ट्रेन के परिचालन की घोषणा से कोसी और सीमांचल के लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। इसे लेकर बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि डबल इंजन की सरकार की धुरी ही विकास है, और वंदे भारत ट्रेन इसकी रफ्तार का नया पड़ाव है। पूर्णिया स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि उन्होंने 26 सितंबर 2024 को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पूर्णिया से वंदे भारत ट्रेन शुरू करने और सरसी स्टेशन पर जनहित एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की थी, जिसे अब साकार किया गया है। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया।

मंत्री लेशी सिंह ने बताया कि हाल ही में राज्य की केंद्र से जुड़ी अपेक्षाओं को लेकर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को अधिकृत किया गया था। उन्होंने वंदे भारत को लेकर कोसी और सीमांचल की जनता की भावनाएं केंद्र तक पहुंचाईं, जिसके लिए वह डिप्टी सीएम की भी आभारी हैं। मंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार सिर्फ वादे नहीं करती, बल्कि धरातल पर काम करती है। वंदे भारत ट्रेन और हवाई उड़ान की शुरुआत सीमांचल के विकास की नई इबारत है।

उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार का आभार जताते हुए कहा कि कोसी और सीमांचल के लोगों के लिए यह ट्रेन सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि नए युग की शुरुआत है। उन्होंने दोहराया कि एनडीए की राजनीति का मूलमंत्र “विकास” है और सरकार विद्रोह या आरोप-प्रत्यारोप में नहीं, बल्कि काम में विश्वास करती है। इस मौके पर जदयू जिलाध्यक्ष प्रकाश कुमार पटेल भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *