अररिया, प्रिंस(अन्ना राय): फारबिसगंज के मिथिला पब्लिक स्कूल के खेल मैदान में गुरुवार को आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मंच पर अव्यवस्था का माहौल देखने को मिला। यह स्थिति उस समय पैदा हुई जब बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हेलीकॉप्टर से उतरकर मंच पर पहुँचे। डिप्टी सीएम के मंच पर आते ही उनके साथ फोटो खिंचवाने और उन्हें सम्मानित करने के लिए सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मंच पर जमा हो गए।
इस दौरान मंच की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। मंच का संचालन कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा लगातार कार्यकर्ताओं से मंच खाली करने की अपील करते रहे, लेकिन उनकी गुहार का कोई असर नहीं हुआ। लगभग आधे से एक घंटे तक मंच पर अफरातफरी का माहौल बना रहा, जिससे कार्यक्रम सुचारू रूप से नहीं चल पाया। इस घटना ने एक बार फिर बड़े नेताओं की सभाओं में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को उजागर किया है।



