PURNIA NEWS : प्रो. इश्तियाक अहमद बने पूर्णिया विश्वविद्यालय के वित्त पदाधिकारी

PURNIA NEWS, किशन भारद्वाज : पूर्णिया विश्वविद्यालय को एक नई दिशा देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। पूर्णिया कॉलेज के वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. इश्तियाक अहमद को विश्वविद्यालय का वित्त पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से न केवल शिक्षण समुदाय में हर्ष है, बल्कि विश्वविद्यालय की वित्तीय व्यवस्था के और अधिक पारदर्शी व सुदृढ़ होने की उम्मीद की जा रही है। प्रो. अहमद शिक्षा जगत में अपनी ईमानदार, सरल और कर्मठ छवि के लिए जाने जाते हैं। वाणिज्य के क्षेत्र में उनके गहन ज्ञान, अनुसंधानात्मक दृष्टिकोण और लंबे शिक्षण अनुभव ने उन्हें छात्रों व सहकर्मियों के बीच एक आदर्श के रूप में स्थापित किया है। वर्षों से उन्होंने वाणिज्य शिक्षा को व्यावहारिक और समसामयिक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उनकी नियुक्ति के बाद शिक्षाविदों का मानना है कि विश्वविद्यालय की वित्तीय व्यवस्था, बजट प्रबंधन और संसाधनों के समुचित उपयोग में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही, वित्तीय पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने में उनका योगदान संस्थान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगा।प्रो. अहमद की कार्यशैली का सबसे बड़ा आधार उनका सकारात्मक दृष्टिकोण और सहज व्यवहार है, जिसकी वजह से सहकर्मी प्राध्यापक, छात्र और प्रशासनिक अधिकारी सभी उनके साथ जुड़ाव महसूस करते हैं। उनकी इस नई जिम्मेदारी को लेकर विश्वविद्यालय परिवार में उत्साह का वातावरण है। शिक्षा जगत का मानना है कि प्रो. इश्तियाक अहमद की नियुक्ति से पूर्णिया विश्वविद्यालय को वित्तीय अनुशासन और शैक्षणिक प्रगति—दोनों में ही मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *