PURNIA NEWS : पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने महागठबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर अपनी राजनीतिक ताक़त का प्रदर्शन किया। मधुबनी बाज़ार, रामबाग काली स्थान चौक, सिटी पुरण देवी नाका चौक, ईस्ट ब्लॉक के रानीपतरा बाज़ार चौक और वीरपुर चौक पर भाजपा कार्यकर्ता भारी संख्या में जुटे और कांग्रेस तथा राजद के नेताओं पर देश व मातृशक्ति के अपमान का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने “भारत माता का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान”, “बिहार की धरती पर मां का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा” जैसे नारे लगाकर माहौल को तीखा बना दिया। इस दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का पुतला जलाकर महागठबंधन की राजनीति के खिलाफ कड़ा संदेश दिया गया।
मौके पर सदर विधायक ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता पर की गई टिप्पणियों से न सिर्फ एक परिवार का अपमान हुआ है, बल्कि पूरे देश और बिहार की मातृशक्ति का अपमान किया गया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के नेता जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता और एनडीए कार्यकर्ता ऐसे “ओछी हरकतों” का मुंहतोड़ जवाब देंगे। विधायक ने विश्वास जताया कि आने वाले चुनावों में लोग महागठबंधन को सबक सिखाएंगे और भाजपा-एनडीए को और मजबूती देंगे। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल सिन्हा, मनोज सिंह, पवन साहनी, पानो देवी और मनोज गोस्वामी ने किया।



