PURNIA NEWS : भवानीपुर सीएचसी में इलाज के दौरान युवक की मौत, परिजनों और ग्रामीणों ने मचाया हंगामा

PURNIA NEWS,आनंद यादुका : पूर्णिया जिले के भवानीपुर सीएचसी में इलाज के दौरान जावे पंचायत के वार्ड 12 निवासी 32 वर्षीय मो. जुम्मन की मौत हो गई, जिससे परिजन और गांव के सैकड़ों ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर कुमार मृगेश की लापरवाही और गलत सुई लगाने के कारण जुम्मन की मौत हुई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया, जिससे अस्पताल में मौजूद सभी चिकित्सक और कर्मी मौके से भाग गए। आक्रोशित लोगों ने डॉक्टर को बुलाने पर जोर दिया, लेकिन कई घंटों तक उनकी बात नहीं मानी गई। अस्पताल पहुंची प्रशासनिक टीम—भवानीपुर बीडीओ आलोक कुमार शर्मा, प्रखंड प्रमुख के पति बिट्टू यादव, थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि—ने लगभग तीन घंटे तक समझाइश के बाद मामला शांत कराया।

घटना का विवरण बताते हुए परिजनों ने कहा कि शनिवार सुबह जुम्मन और उसके छोटे भाई साबिर के बीच झगड़े के दौरान दोनों गिर गए। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया, लेकिन डॉक्टर ने पहले साबिर को पूर्णिया जीएमसीएच भेजने और खुद चाय पीने का हवाला देकर जुम्मन को देखने में देरी की। बाद में जब डॉक्टर ने जुम्मन को सुई लगाया, तुरंत ही उसकी मौत हो गई। परिजन ने आरोप लगाया कि डॉक्टर मोबाइल में व्यस्त रहने के बावजूद मरीज के पैर पकड़कर बार-बार इलाज के लिए कहने के बाद भी लापरवाही बरत रहे थे।

घटना के कारण अस्पताल में ओपीडी सेवा बंद हो गई, जिसे प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवीन कुमार उपरोझिया ने दोपहर बाद बहाल किया। भवानीपुर बीडीओ आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सक की लापरवाही की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं और मृतक के परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। भवानीपुर थानाध्यक्ष ने भी कहा कि आवेदन मिलते ही पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *