पूर्णिया: राष्ट्रीय पोषण माह 2025 के प्रभावी आयोजन को लेकर पूर्णिया समाहरणालय स्थित प्रज्ञान सभागार में जिलाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय एवं कार्यान्वयन समिति (DCAP) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, जीविका, शिक्षा, पिरामल स्वास्थ्य, बचपन बचाओ आंदोलन सहित विभिन्न विभागों व संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। बैठक में ICDS की जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सुगंधा शर्मा ने बताया कि इस वर्ष पोषण माह 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक पूरे जिले में मनाया जाएगा, जिसके लिए निदेशालय द्वारा साप्ताहिक थीम आधारित कैलेंडर जारी किया गया है।
प्रत्येक दिन की थीम के अनुसार सोमवार को ‘पोषण भी पढ़ाई भी’, मंगलवार को ‘वोकल फॉर लोकल’, बुधवार को ‘शिशु एवं बाल आहार’, गुरुवार को ‘मोटापा पर नियंत्रण’, शुक्रवार को ‘पुरुष सहभागिता’ और शनिवार को ‘डिजिटलीकरण व सहयोगी गतिविधियाँ’ आयोजित की जाएंगी। बैठक के दौरान पोषण माह के लक्ष्यों, गतिविधियों, सोशल मीडिया प्रचार, ग्राम स्तर तक जागरूकता कार्यक्रमों और पोषण रथ जैसी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। डीपीओ ने बताया कि भारत सरकार के पोषण अभियान जन-आंदोलन डैशबोर्ड पर पूर्णिया जिला फिलहाल 12वें स्थान पर है, लेकिन बेहतर समन्वय और समय पर प्रविष्टियों के माध्यम से जिले को शीर्ष-3 में लाया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों एवं विकास साझेदारों को निर्देशित किया कि वे पोषण माह के हर गतिविधि को गंभीरता से लें, निर्धारित समय पर आयोजन करें और उसकी रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस बार पूर्णिया को राज्य स्तर पर शीर्ष प्रदर्शनकर्ता जिलों में शामिल करना है, जिसके लिए सभी स्तर पर समर्पित प्रयास आवश्यक हैं। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया, जिला परियोजना सहायक सुधांशु कुमार, पोषण अभियान की जिला समन्वयक निधि प्रिया, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएँ, जिला जीविका DPM एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



