बिहार विधानसभा चुनाव 2025: अररिया जिला प्रशासन की चुनावी तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा

Bihar Election 2025

अररिया, प्रिंस(अन्ना राय): बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर अररिया जिला प्रशासन द्वारा की गई अबतक की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा के लिए आज, 25 अक्टूबर 2025 को एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय अररिया स्थित परमान सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी (डीईओ) श्री अनिल कुमार ने की। बैठक में जिले में नियुक्त सभी सामान्य प्रेक्षक, पुलिस प्रेक्षक और व्यय प्रेक्षक उपस्थित थे।
प्रेक्षकों की रही उपस्थिति
समीक्षा बैठक में 46-नरपतगंज की सामान्य प्रेक्षक श्रीमती नेहा मार्व्या, 47-रानीगंज के श्री विजय दयाराम के, 48-फारबिसगंज की श्रीमती वी कलैयारासी, 49-अररिया के श्री संजीव सिंह, 50-जोकीहाट की श्रीमती एस मलारविझी, 51-सिकटी के श्री इंद्रमणि त्रिपाठी उपस्थित रहे। पुलिस प्रेक्षक श्री सुरेश कुमार सीएच, व्यय प्रेक्षक (46, 47, 48) श्री आवेश आंनद तितरमारे और व्यय प्रेक्षक (49, 50, 51) श्री दिनेश कुमार जांगिड़ भी मौजूद थे। इनके साथ पुलिस अधीक्षक अररिया श्री अंजनी कुमार सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची पदाधिकारी, सभी कोषांगों के प्रभारी, नोडल पदाधिकारी और संबंधित अधिकारीगण शामिल हुए।
पीपीटी के माध्यम से दिया तैयारियों का विवरण

जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनिल कुमार ने निर्वाचन की दृष्टि से सभी विधानसभा क्षेत्रों का बारी-बारी से परिचय करवाया और अबतक की गई चुनावी तैयारियों का विस्तृत विवरण पीपीटी (PPT) के माध्यम से प्रस्तुत किया। उन्होंने बूथ प्रबंधन, मानव संसाधन, सामग्री प्रबंधन, प्रशिक्षण व्यवस्था, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, वाहनों की व्यवस्था, वीवीपैट और ईवीएम की स्थिति, स्वीप गतिविधियों (जागरूकता कार्यक्रम) और विधि-व्यवस्था की तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी। श्री कुमार ने बताया कि जिले में चुनावी तैयारियाँ निर्धारित समयसीमा के अनुरूप प्रगति पर हैं और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रेक्षकों के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निर्वाचन कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में छोटी सी भी चूक न हो।
प्रेक्षकों ने जताया संतोष, दिए आवश्यक निर्देश
बैठक के दौरान प्रेक्षकों ने जिला प्रशासन की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी रूप से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की पहल सराहनीय है। प्रेक्षकों ने संबंधित कोषांगों को आवश्यक निर्देश भी दिए और कहा कि मतदाताओं की सुविधा, सुरक्षा एवं जागरूकता से संबंधित सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रेक्षकों के सुझावों के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में वरीय प्रभारी निर्वाचन सह अपर समाहर्ता जि०लो०शि०नि० अररिया श्री अजय कुमार ठाकुर, अपर समाहर्ता अररिया श्री अनिल कुमार झा, उप विकास आयुक्त श्रीमती रोजी कुमारी, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन अररिया श्री नवनील कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी, अररिया एवं फारबिसगंज के अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीसीएलआर सहित सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *