पूर्णिया में छठ घाट पर दर्दनाक हादसा — अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते समय दो ममेरे भाइयों की डूबने से मौत

Chhath 2025 : पूर्णिया शहर में लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन बड़ा हादसा हो गया। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान दो ममेरे भाइयों की छठ घाट में डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद छठ घाट पर अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना शहर के ततमा टोली छठ पोखर घाट की है। आनन-फानन में दोनों युवकों को पुलिस और परिजन GMCH पूर्णिया लेकर पहुंचे, जहां इलाज के क्रम में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान छठ पोखर पंचवटी कॉलोनी वार्ड 26 निवासी संजय प्रसाद साह के बेटे सत्यम कुमार साह (18) और दीपक प्रसाद साह के बेटे शिवम कुमार साह (15) के रूप में हुई है। दोनों भाइयों की मौत के बाद से पूरे मुहल्ले में मातम पसरा हुआ है। जिस घर से मंगलवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने छठव्रती घाट जाती, उसी घर से अब शव उठेगा — यह सोचकर लोग गमगीन हैं। मृतक सत्यम कुमार साह के भाई कृष्णा कुमार साह ने बताया कि शिवम की मां छठ व्रत रखी थीं। सभी परिवारजन छठ घाट पर अर्घ्य देने पहुंचे थे। इसी दौरान सत्यम अपनी मां को फल से भरा सूप देने गया और उसका पैर फिसल गया। उसे बचाने शिवम भी पानी में कूद गया, लेकिन दोनों गहरे पानी में समा गए।

घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों और पुलिस ने खोजबीन शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह हादसा कृत्रिम रूप से बनाए गए गहरे छठ घाट की वजह से हुआ। पिछले वर्ष जेसीबी से खुदाई कर घाट बनाया गया था, जिससे पानी काफी गहरा हो गया। प्रशासन ने बांस की बैरिकेडिंग तो कराई थी, पर मौके से न तो SDRF की टीम मौजूद थी और न ही मेडिकल टीम। लोगों का कहना है कि अगर बचाव दल मौके पर होता, तो दोनों की जान बच सकती थी।

GMCH परिसर में जब परिजन लाश के साथ पहुंचे, तो वहां कोहराम मच गया। सभी की आंखों में आंसू और दिलों में मातम था। इस बीच जब दैनिक भास्कर ने सिविल सर्जन प्रमोद कुमार कनोजिया से बात की, तो उन्होंने पहले कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है, बाद में स्वीकार किया कि सूचना मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि मेडिकल टीम की ड्यूटी छठ घाट पर लगाई गई थी, लेकिन घटना के समय टीम कहां थी, यह जांच का विषय है। घटना की जानकारी मिलते ही फणीश्वरनाथ रेणु टीओपी प्रभारी राज नंदनी GMCH पहुंचीं और परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत किया। वहीं सदर एसडीपीओ और खजांची थाना अध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार भी मौके पर पहुंचकर पूरे हालात का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon