मतदाता जागरूकता अभियान के तहत बनमा इटहरी में स्वीप कार्यक्रम का भव्य आयोजन

SAHARSA NEWS,अजय कुमार : आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र जिले में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आज बनमा इटहरी प्रखंड के मध्य विद्यालय, कुसमी के प्रांगण में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं को मतदान के महत्व से अवगत कराना और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना रहा । कार्यक्रम में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से आईं 300 से अधिक जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । दीदियों की उपस्थिति से कार्यक्रम स्थल लोकतंत्र, जागरूकता और चुनाव के रंग में रंग गया । पूरे परिसर में “पहले मतदान, फिर जलपान” और “एक वोट, एक जिम्मेदारी” जैसे नारों की गूंज सुनाई दी ।कार्यक्रम की शोभा सहरसा जिले की स्वीप आइकन एवं प्रसिद्ध पार्श्व गायिका अपूर्व प्रियदर्शी ने बढ़ाई । उन्होंने प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा कि “हर वोट की कीमत होती है, एक-एक मत लोकतंत्र को सशक्त बनाता है ।” उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें । विद्यालय परिसर में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता, मतदाता शपथ ग्रहण समारोह ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया ।

जीविका दीदियों ने सामूहिक रूप से मतदान करने की शपथ ली और अपने गाँवों में मतदाता जागरूकता की अलख जगाने का संकल्प लिया ।इस अवसर पर डीआरडीए निदेशक वैभव कुमार ने कहा कि “लोकतंत्र की सफलता तभी संभव है जब हर पात्र मतदाता अपने मत का प्रयोग करेगा। जीविका दीदियाँ समाज में सकारात्मक बदलाव की वाहक हैं, जिनके प्रयास से इस बार जिले में मतदान प्रतिशत अवश्य बढ़ेगा।डीपीएम जीविका श्लोक कुमार ने कहा कि “मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी भी है। जीविका दीदियाँ जिस समर्पण और उत्साह से मतदाता जागरूकता अभियान चला रही हैं, वह पूरे जिले के लिए प्रेरणा का स्रोत है।वहीं बीपीएम अनुपम आनंद ने कहा कि “स्वीप कार्यक्रम के तहत ऐसे आयोजन लोकतंत्र के प्रति जन-आस्था को और सशक्त करते हैं। जीविका दीदियों की सहभागिता लोकतंत्र के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *