जलालगढ़ में खेल महोत्सव के जरिए बच्चों ने दिखाया हुनर, सिमरिया विद्यालय बना कबड्डी चैंपियन

PURNIA NEWS : जलालगढ़ प्रखंड के डोकरेल खेल मैदान में शनिवार को स्वयंसेवी संस्था साथी के तत्वावधान में आकृति कार्यक्रम के अंतर्गत वार्षिक खेल महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कबड्डी प्रतियोगिता में बालक और बालिका दोनों वर्गों में मध्य विद्यालय सिमरिया ने मध्य विद्यालय चक को पराजित कर खिताब अपने नाम किया, जबकि एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में बंदना कुमारी (ऊँची कूद), प्रीति कुमारी (लंबी कूद), अंश कुमार (गोला फेंक), रिया राज (भाला फेंक), अभिषेक कुमार (रस्सी कूद) और यसीम (चक्की फेंक) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई अमरेश कुमार ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी है तथा राज्य सरकार खेल छात्रवृत्ति और ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ जैसी योजनाओं से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है।

बाल संरक्षण पदाधिकारी विवेक कुमार ने इसे बच्चों को सुरक्षित और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की अहम पहल बताया, वहीं साथी संस्था के निदेशक कालेश्वर मंडल ने कहा कि यह आयोजन समापन नहीं बल्कि बच्चों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक नए अभियान की शुरुआत है। कार्यक्रम के अंत में सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *