PURNIA NEWS, अभय कुमार सिंह : अतिक्रमण से विस्थापित फुटकर दुकानदारों ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से दुकान आवंटन करने को लेकर गुहार लगायी है । इसको लेकर नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी ने पार्षद अध्यक्ष को 18 दिसंबर को होनेवाली नगर पंचायत की बैठक में इस प्रस्ताव को लेने को लेकर पत्र लिखा है । मंगलवार को मुख्यालय से अतिक्रमण हटाने से लगभग एक सौ दुकानदार विस्थापित हुए हैं, उनके सामने जीविकोपार्जन के लिए बडी समस्या आन खडी हो गई है । ये सभी दुकानदार एसएच 65 के दोनों ओर अपनी छोटी-छोटी फुटकर दुकानों को लगाकर अपनी जीविका चलाते थे ।
इसबार विस्थापित होने के बाद उन्होंने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन देकर सडक के किनारे 35 फीट जमीन छोडकर वेंडिंग जोन बनाने की मांग की है । फुटकर दुकानदार श्रीनिवास साह, अक्षय कुमार, नवरतन कुमार, विवेक मेहता आदि सैकडो दुकानदारों ने लिखित आवेदन देते हुए कहा कि अतिक्रमण हटने से वेसभी दुकानदार बेरोजगार हो गए हैं तथा दाने-दाने के मोहताज हो गए हैं । इस परिस्थिति में उनके लिए वेंडिंग जोन के साथ-साथ सडक के किनारे 35 फीट जमीन छोडकर छोटे-छोटे दुकान बनवाकर उन्हें आवंटित किया जाए, ताकि उनकी बेरोजगारी दूर हो सके । इधर कार्यपालक पदाधिकारी ने पार्षद अध्यक्ष को पत्र लिखते हुए 18 दिसंबर को होनेवाली नगर पंचायत की बैठक में इनके प्रस्ताव को लेने के लिए अग्रेतर कार्रवाही करने की बात कही है ।



