PURNIA NEWS, अभय कुमार सिंह : प्रखंड में बीईओ की नियुक्ति किये जाने का शिक्षकों ने सरकार को बधाई देते हुए, नवनियुक्त बीईओ का भी फूलमाला पहनाकर जोरदार स्वागत किया है । यह बता दें कि प्रखंड पिछले दो वर्षों से धमदाहा बीईओ के प्रभार में चल रहा था, जिससे यहां की शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई थी तथा शिक्षकों सहित छात्र-छात्राओं को भी काफी परेशानी का सामना करना पड रहा था । बीईओ की नियुक्ति की खबर मिलते ही सभी शिक्षक संघ के सदस्यों ने उनके स्वागत के तैयारी शुरू कर दी । इसके लिए मंगलवार की संध्या का समय निर्धारित किया गया तथा भिखना विद्यालय को आयोजन स्थल बनाया गया । इस आयोजन का नेतृत्व जिला शिक्षक संघ अध्यक्ष पवन कुमार जायसवाल कर रहे थे । मौके पर बीईओ सह सहकारिता प्रसार पदाधिकारी धनंजय कुमार जैसे ही भिखना विद्यालय पहुंचे, वैसे ही वहां उपस्थित शिक्षकों ने उनका फूलमाला पहनाकर जोरदार स्वागत किया ।
जिलाध्यक्ष पवन कुमार जायसवाल ने कहा कि उन्हें काफी आशा है कि वे शिक्षकों की समस्या सहित अन्य समस्याओं को दूर करने का प्रयास करेंगे । मौके पर बीईओ धनंजय कुमार ने सभी शिक्षकों से अपील की कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों का सहयोग बहुत ही आवश्यक है । वे आशा करेंगे कि सभी शिक्षक अपने-अपने दायित्वों का निर्वहण सुचारू रूप से करेंगे, व्यवस्था स्वयं सुधर जाएगी । इस अवसर पर शिक्षक संघ के जयशंकर सुमन, विभाष कुमार, कुंदन कुमार, रमेश कुमार, चंदन कुमार, संजीव कुमार, मधुसूदन ठाकुर सहित दर्जनों शिक्षक मौजूद थे ।



