अररिया में अवैध बालू परिवहन पर कार्रवाई तेज: सिमराहा से ट्रैक्टर जब्त, ₹1.05 लाख जुर्माना

अररिया, प्रिंस कुमार : अररिया जिले में अवैध खनन और बालू-मिट्टी के गैरकानूनी परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती और बढ़ा दी है। इसी क्रम में बुधवार 17 दिसंबर 2025 को खनिज विकास पदाधिकारी, अररिया की अगुवाई में फारबिसगंज प्रखंड के विभिन्न इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत नहर के समीप अवैध रूप से बालू ढोते हुए एक ट्रैक्टर को मौके पर जब्त किया गया, जिसे अग्रिम कार्रवाई के लिए थाने को सौंप दिया गया।

जांच के बाद उक्त वाहन के विरुद्ध बिहार खनिज (समानुदान अवैध खनन, परिवहन, भंडारण एवं निवारण) संशोधित नियमावली 2024 के तहत कार्रवाई करते हुए शमन शुल्क और खनिज मूल्य मिलाकर कुल 1.05 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी राजस्व की सुरक्षा और नहर, पुल-पुलिया जैसे सार्वजनिक ढांचों को नुकसान से बचाने के लिए अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *