गोपालगंज में आयोजित होने वाले ABVP उत्तर बिहार प्रांतीय अधिवेशन के लिए फारबिसगंज नगर इकाई ने किया पोस्टर विमोचन

ARARIA NEWS : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की फारबिसगंज नगर इकाई ने मां थावे की पावन धरती गोपालगंज में होने वाले उत्तर बिहार के 67वें प्रांतीय अधिवेशन को लेकर उत्साहपूर्वक पोस्टर विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया। नगर सह मंत्री अनिकेत साह और कॉलेज अध्यक्ष सूर्यानंद ऋषि के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने अधिवेशन की तिथि, उद्देश्य और संगठनात्मक महत्व की जानकारी साझा की और छात्र-युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान ABVP के कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया और संगठन के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया गया। जिला संयोजक शिवम साह ने कहा कि यह प्रांतीय अधिवेशन छात्रहित, राष्ट्रहित और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन का सशक्त मंच साबित होगा और मां थावे की पावन धरती पर होने वाला यह अधिवेशन संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा। बिहार प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आकाश कुमार ने कहा कि ABVP देश का एकमात्र ऐसा छात्र संगठन है जो छात्रों के हित में परीक्षा से लेकर परिणाम तक सतत कार्य करता है और शिक्षा, राष्ट्र एवं छात्रहित को केंद्र में रखकर काम करता है। पोस्टर विमोचन के माध्यम से फारबिसगंज नगर में अधिवेशन को लेकर वातावरण तैयार किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक छात्र इस ऐतिहासिक आयोजन में जुड़ सकें। कार्यक्रम में नगर इकाई के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और परिषद के सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *