स्वामी विवेकानंद जयंती पर गूंजा ‘स्वदेशी’ का नारा; फारबिसगंज सरस्वती विद्या मंदिर ने निकाली भव्य संकल्प दौड़

The slogan "Swadeshi" resonated on Swami Vivekananda's birth anniversary; Forbesganj Saraswati Vidya Mandir organized a grand pledge race.

प्रिंस कुमार/ फारबिसगंज: स्वामी विवेकानंद जयंती के पावन अवसर पर सोमवार को फारबिसगंज स्थित श्रीरानी सरस्वती विद्या मंदिर में उत्साहपूर्ण वातावरण में ‘स्वदेशी संकल्प दौड़’ एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। विद्यालय के भैया-बहनों ने इस रैली के माध्यम से जन-जन तक स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और आत्मनिर्भर भारत का संदेश पहुँचाया।

जागरूकता रैली का मार्ग
भारत माता के जयकारों और स्वदेशी के नारों के साथ यह रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई। प्रमुख पड़ाव: रैली आसपास के विभिन्न क्षेत्रों जैसे भाग कोहलिया, कीर्तनीया चौक, कस्टम ऑफिस, गोढ़ीयारे चौक और पंचमुखी हनुमान मंदिर मार्ग से होकर गुजरी नगर भ्रमण के पश्चात रैली पुनः विद्यालय परिसर पहुँचकर संपन्न हुई।

“स्वदेशी केवल विचार नहीं, जीवन पद्धति है”: प्रधानाचार्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य आशुतोष कुमार मिश्र ने छात्रों को राष्ट्र निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाना राष्ट्रप्रेम का ही एक रूप है और इसे हमें अपनी दैनिक जीवन पद्धति में शामिल करना चाहिए। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने और अनुशासन व आत्मबल को जीवन का आधार बनाने पर बल दिया।

राष्ट्र जागरण और आत्मनिर्भरता पर जोर
इस अवसर पर लोक शिक्षा समिति के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह ने स्वामी विवेकानंद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी जी का जीवन हमें आत्मनिर्भरता की राह दिखाता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि राष्ट्र के प्रति प्रेम व्यक्त करने के लिए स्वदेशी सामग्री का ही इस्तेमाल करें।

कार्यक्रम में मुख्य उपस्थिति
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। अतिथि एवं पदाधिकारी: पूर्णिया विभाग के निरीक्षक गणेश प्रसाद मौर्य, शिशु मंदिर खंड के प्रधानाचार्य रामनरेश सिंह, आचार्य ओम प्रकाश शर्मा और सुनील कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु-भगिनी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *