सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत, डीएम ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

सहरसा,अजय कुमार : बिहार सड़क सुरक्षा परिषद, पटना के निर्देश के आलोक में जिले में सड़क सुरक्षा माह 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 1 जनवरी से 31 जनवरी तक चलेगा, जिसके अंतर्गत सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष सड़क सुरक्षा माह की मुख्य थीम “सड़क सुरक्षा अभियान : सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन” रखी गई है। इसी थीम को ध्यान में रखते हुए सोमवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता वाहन को जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह जागरूकता वाहन जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में जाकर आम लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करेगा। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा परिवहन से संबंधित सभी नियमों का सख्ती से पालन करें।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आमजन की जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है। जिला पदाधिकारी ने यह भी बताया कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करता है, तो उसे गुड सेमेरिटन (Good Samaritan) के तहत थाना या न्यायालय द्वारा बार-बार परेशान नहीं किया जाएगा। साथ ही, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वाले नागरिक को सरकार द्वारा ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने लोगों से निर्भीक होकर मानवता के नाते आगे आने की अपील की। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता श्री निशांत,उप विकास आयुक्त श्री संजय निराला, जिला परिवहन पदाधिकारी सुजीत बरनवाल, अपर जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले में जागरूकता रैली, स्कूल, कॉलेजों में कार्यक्रम, वाहन चालकों को प्रशिक्षण, पोस्टर-बैनर एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *