अंग इंडिया संवाददाता आनंद यादुका: पूर्णिया जिले के धमदाहा प्रखंड अंतर्गत लाठी पंचायत के रायपुरा मुशहरी में मंगलवार की देर रात भीषण अगलगी की घटना घटी। इस हादसे में तीन परिवारों के कच्चे घर पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि आग की चपेट में आने से 16 मवेशियों की जलकर मौत हो गई। अगलगी में घरों में रखा नकद राशि सहित सारा सामान नष्ट हो गया।
अगलगी से प्रभावित परिवारों में रायपुरा मुशहरी निवासी लवली देवी, रूबी देवी और सुशीला देवी शामिल हैं। पीड़ित लवली देवी के घर में रखा लगभग 30 हजार रुपये नकद, सिलाई मशीन, जमीन से संबंधित आवश्यक कागजात, कपड़े, अनाज एवं घरेलू उपयोग की अन्य सभी वस्तुएं आग में जलकर नष्ट हो गईं। अन्य दोनों परिवारों को भी भारी क्षति पहुंची है।
पीड़ित परिवारों के अनुसार मंगलवार की रात सभी लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे। इसी दौरान दरवाजे पर जल रहे अलाव से अचानक आग भड़क उठी। जब तक लोग कुछ समझ पाते और आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक तीनों घर इसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही वार्ड सदस्य सरिता देवी, समाजसेवी अमरेश कुमार, मुखिया पति रविंद्र मंडल सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि अगलगी से प्रभावित परिवारों को शीघ्र आपदा राहत, मुआवजा तथा आवासीय सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार इस संकट से उबर सकें।



