भवानीपुर में नम आँखों और श्रद्धा के साथ माँ शारदे की प्रतिमा का विसर्जन

Immersion of the idol of Goddess Saraswati in Bhawanipur with moist eyes and reverence

संवाददाता अंग इंडिया/ पूर्णिया / आनंद यदुका

भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र में रविवार को विद्या की देवी माँ सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन पूरे विधि-विधान, श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हुआ। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की आँखें नम थीं और वातावरण जय माँ सरस्वती, जय विद्यादायिनी के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा।

श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाते हुए माँ शारदे को भावभीनी विदाई दी। हर ओर भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। विसर्जन से पूर्व सभी पूजा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत हवन किया गया। हवन पूर्ण होने के उपरांत श्रद्धालुओं ने माँ सरस्वती की प्रतिमा को कंधों पर उठाकर विसर्जन यात्रा निकाली।

प्रतिमा विसर्जन के दौरान समूचा प्रखंड क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ इस पावन क्षण की साक्षी बनी। श्रद्धालुओं ने माँ शारदे से विद्या, बुद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नम आँखों से विदाई दी।