PURNIA NEWS : विधायक शंकर सिंह के आवास पर तोड़फोड़, पूर्व विधायक और गोपालपुर विधायक पर लगाए आरोप

PURNIA NEWS : रुपौली विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय विधायक शंकर सिंह के पटना स्थित सरकारी आवास पर हुई तोड़फोड़ ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। बीती 27 फरवरी की रात करीब 12:30 बजे अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने विधायक के आवास के मुख्य द्वार पर लगे नामपट्ट को तोड़ दिया। घटना के समय विधायक अपने परिवार के साथ भोजन कर रहे थे जब बाहर से तेज आवाज सुनकर वे बाहर निकले। विधायक ने बताया कि जब वे बाहर पहुंचे, तो देखा कि दो मोटरसाइकिल सवार वहां से तेजी से भाग रहे थे और मुख्य द्वार पर लगे उनके नाम के बोर्ड को तोड़ दिया गया था।

यह पहली बार नहीं है जब शंकर सिंह के विरुद्ध इस प्रकार की घटना हुई है। विधायक के अनुसार, नवंबर 2024 में मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क संपर्क योजना के तहत उनके द्वारा किए गए शिलान्यास के चार बोर्ड भी तोड़ दिए गए थे, जिसकी शिकायत उन्होंने पूर्णिया एसपी और अकबरपुर थाना को दी थी। इस घटना के बाद विधायक ने सचिवालय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने गोपालपुर के विधायक गोपाल मंडल और पूर्व विधायक बीमा भारती पर साजिश का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि यह कृत्य दोनों नेताओं ने अपने बेटे राजा कुमार से करवाया है, जो 2 जून 2024 को भवानीपुर में हुए व्यवसायी गोपाल यादु की हत्या का आरोपी है और अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *