पूर्णिया: लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA), मसूरी के निदेशक श्री श्रीराम तरणिकांति के नेतृत्व में पूर्णिया समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
संवाद के दौरान निदेशक महोदय ने सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन, लोक सेवाओं की प्रभावी डिलीवरी और फील्ड स्तर पर आने वाली चुनौतियों पर अपने प्रशासनिक अनुभव साझा किए। उन्होंने कार्यप्रणाली में तकनीक के बेहतर उपयोग, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने पर बल दिया, ताकि आम नागरिकों तक योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंच सके।
साथ ही, उन्होंने फील्ड अधिकारियों से मिलने वाले फीडबैक को भावी सिविल सेवा प्रशिक्षण के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और नवाचारों की जानकारी दी, जिस पर निदेशक ने संतोष व्यक्त किया और अधिकारियों को प्रेरित किया कि वे इसी ऊर्जा के साथ जनता की सेवा में जुटे रहें।



