पूर्णिया: अंशुल कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को महानंदा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में 17 से 25 फरवरी 2026 तक संचालित होने वाली वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 के सफल और कदाचार मुक्त संचालन के लिए वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। पूर्णिया जिला में अनुमंडलवार कुल 60 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सदर अनुमंडल 40, बनमनखी 4, धमदाहा 9 और बायसी 7 परीक्षा केंद्र शामिल हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी, पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक चलेगी।
जिलाधिकारी ने पुलिस उपाधीक्षक यातायात को परीक्षा के दौरान यातायात सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया और परीक्षा केंद्रों में भीड़-भाड़ न होने की व्यवस्था पर जोर दिया। अपर समाहर्ता श्री रवि राकेश को उप-मुख्य जिला परीक्षा नियंत्रक नियुक्त किया गया और 16 जोनल सह-गश्ती दलों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा केंद्र में केवल परीक्षार्थियों को प्रवेश की अनुमति होगी और मोबाइल तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला वीक्षक या प्रतिनियुक्त महिला अधिकारी द्वारा की जाएगी।
परीक्षा केंद्र के अतिरिक्त द्वारों को सुबह 8:00 बजे से परीक्षा समाप्ति तक बंद रखा जाएगा और केंद्र के आसपास 500 गज तक बीएनएसएस धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को तुरंत दी जाएगी। परीक्षा की संपूर्ण विधि व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर समाहर्ता श्री रवि राकेश और अपर पुलिस अधीक्षक श्री आलोक रंजन को दी गई है। बैठक में सभी वरीय और जिला स्तरीय अधिकारी तथा प्रखंड एवं अनुमंडल स्तर के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।



