पूर्णियाँ / किशन : पूर्णियाँ विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पीएच.डी. कोर्स वर्क परीक्षा, सत्र 2023 का आयोजन 19 जुलाई 2026 (रविवार) को विश्वविद्यालय के पीजी भवन स्थित परीक्षा केंद्र पर किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी।
प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगी। इस परीक्षा में विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों के कुल 63 शोधार्थी शामिल होंगे, जिन्होंने पीएच.डी. कोर्स वर्क की निर्धारित शैक्षणिक गतिविधियों एवं कक्षाओं को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है।
प्रेस विज्ञप्ति में आगे बताया गया है कि परीक्षा को पूर्णतः कदाचारमुक्त, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए दो पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति की गई है।
विश्वविद्यालय ने सभी परीक्षार्थियों से निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचने तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यह परीक्षा माननीय कुलपति के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार तथा छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (डी.एस.डब्ल्यू.) प्रो. (डॉ.) अरविंद कुमार वर्मा के निर्देशन में आयोजित की जाएगी।