पूर्णिया कॉलेज में राष्ट्रीय युवा दिवस पर भव्य आयोजन, ‘युवा: एआई फॉर ऑल’ के जरिए छात्रों को किया गया जागरूक

पूर्णिया: पूर्णिया कॉलेज, पूर्णिया में 12 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रथम इकाई के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई, जिसके बाद ‘युवा: एआई फॉर ऑल’ कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय एआई साक्षरता अभियान (एआई-101) का आयोजन किया गया।

इस दौरान छात्रों ने भाषण, कविता पाठ और विचार गोष्ठी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण, सेवा भावना और सामाजिक दायित्व पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) सावित्री सिंह ने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देते हुए आत्मविश्वास, अनुशासन और सेवा को सफलता की कुंजी बताया। एनएसएस प्रथम इकाई के कार्यक्रम पदाधिकारी सीए. राजेश एस. झा ने तकनीक और वैश्वीकरण के दौर में एआई साक्षरता को युवाओं के भविष्य के लिए आवश्यक बताया।

विभिन्न विभागाध्यक्षों और शिक्षकों ने स्वामी विवेकानंद के जीवन, शिकागो भाषण, राष्ट्रभक्ति और व्यक्तित्व विकास पर अपने विचार साझा किए। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, एनएसएस स्वयंसेवक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *