शीतलहर के बीच दिव्यांगजनों को मिला सहारा; कमलदाहा पंचायत में बांटे गए कंबल

अररिया, प्रिंस कुमार: जिले में जारी भीषण ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन दिव्यांगजनों की सुरक्षा के लिए सक्रिय हो गया है। सामाजिक सुरक्षा निदेशालय एवं जिलाधिकारी विनोद दूहन के दिशा-निर्देश पर अररिया सदर प्रखंड की कमलदाहा पंचायत में रविवार को एक विशेष राहत शिविर का आयोजन किया गया।

चयनित सूची के आधार पर हुआ वितरण
कमलदाहा में आयोजित इस कार्यक्रम में सक्षम-बुनियाद केंद्र अररिया के जिला प्रबंधक नवीन कुमार नवीन द्वारा कुल 42 दिव्यांगजनों के बीच कंबलों का वितरण किया गया। ये कंबल दिव्यांगजन संगठन द्वारा उपलब्ध कराई गई उस सूची के आधार पर दिए गए, जो जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग में पहले से जमा थी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि सहायता केवल पात्र और वास्तविक लाभार्थियों तक ही पहुंचे।

बुनियाद केंद्र की सेवाओं की दी जानकारी
कंबल वितरण के साथ-साथ जिला प्रबंधक ने वहां मौजूद लोगों को सरकार द्वारा वृद्धजनों और दिव्यांगों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि बुनियाद केंद्र के माध्यम से जरूरतमंदों को व्हीलचेयर, बैसाखी व अन्य उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित हर प्रकार की सहायता और कानूनी परामर्श केंद्र पर निशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने अपील की कि ग्रामीण क्षेत्रों में इन सेवाओं का व्यापक प्रचार किया जाए ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।

लाभार्थियों ने जताया आभार
भीषण ठंड के इस मौसम में कंबल पाकर दिव्यांगजनों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मो. गुफ़रान, राजा कुमार, सनोज जी सहित कई अन्य दिव्यांगजन मौजूद थे। उन्होंने इस संवेदनशील पहल के लिए जिला प्रशासन और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मदद इस कठिन समय में उनके लिए बहुत बड़ा सहारा है।

“प्रशासन दिव्यांगों के प्रति संवेदनशील”
जिला प्रबंधक नवीन कुमार नवीन ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के सहायता शिविर जारी रखने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *