ARARIA NEWS : फारबिसगंज में जीएम ईसीआर और डीआरएम समस्तीपुर का निरीक्षण दौरा, निर्माणाधीन रनिंग रूम का लिया जायजा — आचार संहिता के चलते जनसंपर्क से रहे दूर

ARARIA NEWS,प्रिंस (अन्ना राय) : पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के महाप्रबंधक और समस्तीपुर मंडल के डीआरएम का शुक्रवार को फारबिसगंज आगमन हुआ। अधिकारियों के इस दौरे ने क्षेत्रवासियों में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर नई उम्मीदें जगा दी हैं। दौरे के दौरान जीएम और डीआरएम ने सबसे पहले समस्तीपुर मंडल के अधीन निर्माणाधीन 20 बेड वाले रनिंग रूम का निरीक्षण किया, जहां कर्मचारियों के ठहराव और सुविधाओं की समीक्षा की गई। इसके बाद उन्होंने फारबिसगंज रेलवे स्टेशन परिसर का भी बारीकी से जायजा लिया और स्टेशन पर जारी विभिन्न कार्यों की प्रगति देखी।

चूंकि यह दौरा बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दौरान लागू आदर्श आचार संहिता की अवधि में हुआ, इसलिए दोनों वरिष्ठ रेल अधिकारी मीडिया और जनप्रतिनिधियों से पूरी तरह दूरी बनाए रखे रहे तथा किसी प्रकार का बयान देने से परहेज़ किया।

इस बीच, स्थानीय नागरिकों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने जीएम और डीआरएम को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा, जिसमें फारबिसगंज और आसपास के क्षेत्र में रेल सेवाओं के विस्तार की मांग की गई। प्रमुख मांगों में न्यू फारबिसगंज स्टेशन का विकास, क्विक वाटर सिस्टम की बहाली, अधूरे रेलवे कार्यों की शीघ्र पूर्ति, डेमू और एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या बढ़ाने तथा रक्सौल-जोगबनी रेलखंड का विस्तार सिलीगुड़ी तक करने जैसी बातें शामिल थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *