ARARIA NEWS : फारबिसगंज के व्यापारियों ने टैक्स ऑडिट रिपोर्ट की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की

ARARIA NEWS,प्रिंस(अन्ना राय) : फारबिसगंज के व्यापारियों और कर-सलाहकारों ने भाजपा के नगर उपाध्यक्ष आदर्श गोयल के नेतृत्व में विधायक विद्यासागर केशरी को एक ज्ञापन सौंपा है। इस ज्ञापन में कर लेखा परीक्षा रिपोर्ट (TAR) और धारा 12A के नवीनीकरण की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 31 दिसंबर 2025 करने का अनुरोध किया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि यह मांग असाधारण परिस्थितियों के कारण की जा रही है, जो करदाताओं और कर-पेशेवरों के नियंत्रण से बाहर हैं। ज्ञापन में विलंबित आईटीआर फॉर्म और आयकर पोर्टल पर लगातार आ रही तकनीकी समस्याओं का जिक्र किया गया है। इसमें बताया गया है कि 17 सितंबर 2025 तक भी पोर्टल पर गंभीर तकनीकी समस्याएं बनी हुई हैं, जिससे टैक्स ऑडिट रिपोर्ट अपलोड करने के लिए आवश्यक डीएससी (डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट) की कार्यप्रणाली भी अविश्वसनीय हो गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि इन परिस्थितियों को देखते हुए, वर्तमान समय-सीमा अव्यावहारिक और अन्यायपूर्ण है। करदाताओं और पेशेवरों को उनके नियंत्रण से बाहर के कारणों के लिए दंडित करना उचित नहीं होगा।
विधायक श्री केशरी को ज्ञापन सौंपते हुए, व्यापारियों ने उनसे अनुरोध किया कि वह इस मामले को बिहार के उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री सम्राट चौधरी के संज्ञान में लाएं और वित्त विभाग, भारत सरकार से इसकी अनुशंसा कराएं।
विधायक श्री केशरी ने इस पर आश्वासन दिया कि वह पटना पहुंचने के बाद इस विषय को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संज्ञान में लाएंगे और वित्त विभाग, भारत सरकार से इसकी अनुशंसा कराने का प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *