Darbhanga : भाजपा विधायक मिश्री लाल यादव की विधानसभा सदस्यता रद्द, अदालत से सजा के बाद सचिवालय की कार्रवाई

Darbhanga : बिहार की सियासत में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक बड़ा झटका लगा है। दरभंगा के केवटी से भाजपा विधायक मिश्री लाल यादव की विधानसभा सदस्यता शुक्रवार को समाप्त कर दी गई है। विधानसभा सचिवालय ने यह फैसला एक आपराधिक मामले में अदालत से सजा मिलने के बाद लिया है। मिश्री लाल को 2019 में दर्ज एक मारपीट के मामले में अदालत ने 27 मई 2025 को दोषी करार देते हुए दो साल की सजा सुनाई थी।

यह मामला दरभंगा जिले के समैला गांव से जुड़ा है, जहां 29 जनवरी 2019 को उमेश मिश्रा नामक व्यक्ति पर हुए हमले का आरोप मिश्री लाल और उनके साथियों पर लगा था। एफआईआर के अनुसार, सुबह टहलते समय उमेश को मिश्री लाल यादव, सुरेश यादव और 20-25 अन्य लोगों ने घेर लिया, गाली-गलौज की और विरोध करने पर फरसे से सिर पर वार किया गया। इसके साथ ही लाठी, रॉड से मारपीट और 2300 रुपये लूटने का आरोप भी लगाया गया था।

मिश्री लाल यादव 2020 के विधानसभा चुनाव में एनडीए की घटक दल विकासशील इंसान पार्टी (VIP) से विधायक चुने गए थे, लेकिन बाद में उन्होंने पार्टी छोड़कर भाजपा जॉइन कर ली थी। अब अदालत से सजा मिलने के बाद विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता समाप्त करने की अधिसूचना जारी कर दी है। यह घटनाक्रम भाजपा के लिए राजनीतिक और नैतिक दोनों स्तरों पर झटका माना जा रहा है, खासकर ऐसे वक्त में जब बिहार की राजनीति लगातार तेज़ी से बदल रही है।

Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *