फारबिसगंज में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने एनडीए कार्यकर्ताओं में भरा जोश, पूर्णिया में एयरपोर्ट शुरू होने का किया ऐलान

अररिया, प्रिंस(अन्ना राय): बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज फारबिसगंज के मिथिला पब्लिक स्कूल के खेल मैदान में आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में चुनावी बिगुल फूँक दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुट जाने की अपील की। मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को पूर्णिया आ रहे हैं, जहाँ से पूर्णिया हवाई अड्डे की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्णिया से कोलकाता और दिल्ली के लिए सीधी उड़ानें शुरू होंगी। इसके साथ ही उन्होंने फारबिसगंज में 142 एकड़ में फैले हवाई अड्डे की ज़मीन से भी उड़ानें शुरू करने के लिए काम करने की बात कही और बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी से रिपोर्ट मंगाई गई थी, जो भेज दी गई है।

सम्राट चौधरी ने 2005 से पहले और बाद के बिहार का तुलनात्मक विश्लेषण करते हुए कहा कि झारखंड के अलग होने के बाद बिहार का राजस्व केवल 13 प्रतिशत रह गया था, जबकि झारखंड का 87 प्रतिशत था। उन्होंने कहा कि उस समय बिहार में केवल “बालू और लालू” बचे थे। इसके बावजूद, आज बिहार का बजट झारखंड से दोगुना से भी अधिक है। उन्होंने बताया कि झारखंड का बजट 1.40 लाख करोड़ का है, जबकि बिहार का बजट 3.17 लाख करोड़ का है, जिस पर उन्हें गर्व है। उपमुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि 2005 तक केवल साढ़े सात लाख लोगों को रोजगार मिला था, जबकि आज 11 लाख लोगों को सरकारी नौकरी और 39 लाख लोगों को रोजगार दिया गया है। उन्होंने बिहार में 13 वंदे भारत ट्रेनों के चलने और उद्यमियों को 100 करोड़ के निवेश पर 40 करोड़ की सब्सिडी देने की नीति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2005 में केवल 17 लाख परिवारों के पास बिजली थी, जबकि आज 2 करोड़ 14 लाख परिवारों को बिजली कनेक्शन मिला है, जिनमें से 1 करोड़ 70 लाख का बिजली बिल शून्य आता है।

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर भी हमला बोला और कहा कि जो भारत का नागरिक नहीं है, वह भारत का मतदाता नहीं हो सकता। सम्मेलन की अध्यक्षता जदयू के जिलाध्यक्ष आशीष पटेल ने की और संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने किया। इस दौरान मंत्री महेश्वर हजारी, हरी सहनी, विजय कुमार मंडल, सांसद प्रदीप कुमार सिंह, विधान पार्षद संजय सिंह, विधायक विद्यासागर केशरी, जयप्रकाश यादव, पूर्व विधायक मायानांद ठाकुर, लक्ष्मी नारायण मेहता, देवयंती देवी, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय, हम के राष्ट्रीय सचिव शंभू मांझी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपाध्यक्ष योगेंद्र कुमार सहित एनडीए के कई घटक दलों के नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

कार्यक्रम में मुख्य पार्षद वीणा देवी, शंभू साह, पंडित अजय कुमार झा, सुरेश केशरी, चांदनी सिंह, प्रवीण कुमार, विभाष मेहता, प्रताप नारायण मंडल, रमेश सिंह, पवन मिश्रा, दिलीप पटेल, इंजीनियर बबलू यादव, चंद्रकला राय, वीरेंद्र प्रसाद मिंटू, मूलचंद गोलछा, संचिता मंडल, आकाश राज, अनूप जायसवाल, गुंजन सिंह, संदीप कुमार, करण कुमार, रमेश मेहता सहित बड़ी संख्या में एनडीए के नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *