कड़ाके की ठंड को लेकर धमदाहा अनुमंडलीय अस्पताल में शीतलहर वार्ड तैयार

पूर्णिया, आनंद यादुका : बढ़ती कड़ाके की ठंड और शीतलहर की आशंका को देखते हुए धमदाहा अनुमंडलीय अस्पताल में शीतलहर वार्ड को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के उद्देश्य से मंगलवार को अस्पताल प्रशासन की ओर से यह व्यवस्था की गई। अनुमंडलीय अस्पताल की प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. नेहा भारती के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने शीतलहर वार्ड को तैयार कराया। इस वार्ड में ठंड से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। शीतलहर वार्ड में चौबीसों घंटे चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि गंभीर स्थिति में आने वाले मरीजों को त्वरित और बेहतर इलाज मिल सके।

प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. नेहा भारती ने बताया कि लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए शीतलहर वार्ड की व्यवस्था की गई है। वार्ड में पर्याप्त कंबल, आवश्यक दवाइयां, हीटर एवं अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध हैं। किसी भी आपात स्थिति में मरीजों का तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर अनुमंडलीय अस्पताल के प्रधान लिपिक संतोष झा सहित कई चिकित्सक और अस्पताल कर्मी मौजूद थे। अस्पताल प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करें और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *