धमदाहा के नीरपुर गांव के लाल का कमाल, नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में जीता ब्रॉन्ज मेडल

पूर्णिया, आनंद यादुका : धमदाहा प्रखंड के नीरपुर पंचायत अंतर्गत नीरपुर गांव के होनहार पहलवान अबरार अहमद ने नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता चंडीगढ़ के मोहाली में 27 दिसंबर से 30 दिसंबर तक आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से करीब 500 पहलवानों ने हिस्सा लिया। बिहार की ओर से प्रतिनिधित्व करते हुए अबरार अहमद ने कड़े मुकाबले में हरियाणा के पहलवान को पराजित कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

उनकी इस जीत ने न सिर्फ मुकाबले में मौजूद दर्शकों का दिल जीता, बल्कि बिहार को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। अबरार की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उनके परिवार, गांव और नीरपुर पंचायत में खुशी की लहर दौड़ गई है। वहीं पूरे जिले सहित समूचे बिहार में खेल प्रेमियों के बीच गर्व और उत्साह का माहौल है। अबरार की यह सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *