Latest Saharsa News: ऋतिक मोदी मौत मामले में पुलिसिया सुस्ती पर वैश्य समाज का आक्रोश

सहरसा, अजय कुमार: Latest Saharsa News नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर मुख्य बाजार निवासी स्व. नरेश मोदी के पुत्र रोहन उर्फ ऋतिक मोदी की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में अब तक ठोस कार्रवाई न होने से आमजन के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों में भी नाराजगी देखी जा रही है। मंगलवार को वैश्य समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने मृतक ऋतिक के घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष मोहन प्रसाद साह ने कहा कि ऋतिक की मौत मामले मे पुलिस की सुस्ती इस मामले को और भी संदेहास्पद बना रही है।

दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सजा दिलवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्रवक्ता राजीव रंजन साह ने कहा कि जिस प्रकार से यह मामला दबाया जा रहा है। उससे प्रतीत होता है कि कहीं न कहीं प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।जिला महामंत्री संजय कुमार ने कहा कि हमारी मांग है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। वैश्य समाज हर मोर्चे पर साथ खड़ा है।संतोष कुमार लड्डू ने कहा कि ऋतिक एक होनहार युवक था।उसकी मौत से पूरे समाज को गहरा आघात पहुंचा है। हम चाहते हैं कि दोषियों को चिन्हित कर सख्त से सख्त सजा दी जाए।

शंकर साह ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि हम जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल के साथ जिला प्रशासन से मिलेंगे और इस मामले में सीडीआई या एसआईटी जांच की मांग करेंगे। अगर न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि वे न्याय के लिए अंतिम सांस तक उनके साथ खड़े रहेंगे। इधर वैश्य समाज के इस कदम से स्थानीय लोगों में भी उम्मीद जगी है कि अब ऋतिक को जल्द न्याय मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *