अररिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई : फर्जी दारोगा बनकर ठगी करने वाला युवक गिरफ्तार

अररिया/प्रिंस कुमार : अररिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो पिछले तीन वर्षों से फर्जी दारोगा बनकर लोगों को ठग रहा था और अवैध वसूली कर रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 35 वर्षीय गणेश कुमार (पिता अर्जुन पासवान, सा०-दुबेला, वार्ड नं-09, थाना व जिला- मधेपुरा) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में गोड़ियारी चौक, फारबिसगंज, जिला-अररिया में रह रहा था।

संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस ने दबोचा

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 24.11.2025 को शाम करीब 15:15 बजे सूचना प्राप्त हुई कि समारणालय परिसर, अररिया में एक पुलिस दारोगा (वर्दी में) एक संदिग्ध गतिविधि को अंजाम देने की फिराक में है।

सूचना के आधार पर नगर थाना, अररिया से एक पुलिस टीम तत्काल समारणालय पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति की खोजबीन प्रारंभ की। खोजबीन के दौरान, चुनाव कोषांग के पास वह व्यक्ति दारोगा की वर्दी पहने हुए एक मोटरसाइकिल स्टार्ट करते हुए पाया गया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

देह के आधार पर उसे रोका गया और नाम-पता पूछा गया। उसने स्वयं को पु० अ० नि० रणवीर कुमार (2018 बैच) बताया। जब पुलिस ने उससे उसकी आईडी, थाना का नाम, वर्तमान दायित्व, प्रशिक्षण और नियुक्ति संबंधी बिंदुओं पर गहन पूछताछ की, तो वह घबरा गया और किसी भी प्रश्न का संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं कर सका।

शक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना वास्तविक नाम गणेश कुमार बताया। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह पिछले तीन वर्षों से फर्जी दारोगा बनकर आस-पास के जिलों में लोगों को ठगने और झूठे मुकदमे में फंसाने का काम कर रहा था। उसने यह भी स्वीकारा कि वर्दी का रौब दिखाकर वह आम जनता और सरल-सीधी-सादी जनता से अवैध वसूली करता था और खासकर बाहर राज्यों की गाड़ियों को रोककर चलाए जाने के नाम पर पैसे की मांग कर दिसावर अवैध वसूली भी करता था।

हथियार बरामद, गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

गिरफ्तारी के बाद गणेश कुमार की तलाशी लेने पर, उसके पास से एक नकली काले रंग का पिस्टल जैसा दिखने वाला लाइटर बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि यह व्यक्ति पुलिस विभाग की छवि को क्षति पहुँचाना, फर्जीवाड़ा, प्रतिरूपण (Impersonation) और अवैध वसूली जैसी गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया गया। उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस संबंध में नगर थाना में कांड सं.-473/25, दिनांक 24.11.2025, धारा 319/318/308/204 BNS के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त:
गणेश कुमार, उम्र 35 वर्ष, पिता अर्जुन पासवान, सा०-दुबेला, वार्ड नं.-09, थाना व जिला-मधेपुरा।

बरामदगी:
दारोगा की पूरी वर्दी
नकली पिस्टल (लाइटर)
मोटरसाइकिल

अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई
1. पु०नि० मनीष कुमार (थानाध्यक्ष नगर थाना)
2. पु०अ०नि० कमदे कुमार (नगर थाना)
3. पु०अ०नि० संतोष कुमार सिंह (नगर थाना)
4. स०अ०नि० पुष्कर सिंह (नगर थाना)
5. सशस्त्र बल (नगर थाना)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *