पलासी में प्रशासन का बड़ा एक्शन: 21 पंचायतों में आंगनबाड़ी, पीडीएस और खाद दुकानों की गहन जांच

अररिया, प्रिंस कुमार : अररिया जिला पदाधिकारी विनोद दूहन के स्पष्ट निर्देश के बाद पलासी प्रखंड में प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। डीएम के हालिया प्रखंड भ्रमण के दौरान मिली गंभीर शिकायतों को आधार बनाते हुए बुधवार से प्रखंड की सभी 21 पंचायतों में आंगनबाड़ी केंद्रों, जन-वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों और उर्वरक (खाद) प्रतिष्ठानों की सघन जांच शुरू कर दी गई है। 17 से 18 दिसंबर तक चलने वाले इस विशेष जांच अभियान के लिए प्रत्येक पंचायत में दो-दो जिला स्तरीय अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो भौतिक निरीक्षण के साथ-साथ लाभुकों और उपभोक्ताओं से सीधा संवाद कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।

जांच के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार और टीएचआर वितरण, साफ-सफाई और अभिलेखों की स्थिति, पीडीएस दुकानों में अनाज की उपलब्धता, निर्धारित मात्रा में वितरण, पीओएस मशीन की कार्यशीलता तथा खाद दुकानों पर स्टॉक, मूल्य सूची और कालाबाजारी की आशंका जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला पदाधिकारी ने दो टूक कहा है कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी, नियम उल्लंघन या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित सेविका, दुकानदार या संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभुकों तक पहुंचे और व्यवस्था में पारदर्शिता व जवाबदेही बनी रहे, जिससे आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *